Breaking
Mon. Sep 14th, 2026

*गुवा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणेश उत्सव, पूजा स्थलों पर उमड़े श्रद्धालु*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जिला मुख्यालय चाईबासा सहित सभी प्रखंडों में गणेश पूजा को लेकर उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में गुवा के विभिन्न स्थानों पर सोमवार को गणपति बप्पा का पूजोत्सव भक्तिभाव और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणेश उत्सव को लेकर शहर के विभिन्न पूजा स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूजा-अर्चना को लेकर खासकर युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिला।

गुवा बाजार, नानक नगर, गुवासाई और योगनगर शिव मंदिर परिसर में गणेश उत्सव का आयोजन किया गया। योगनगर शिव मंदिर परिसर में आयोजित गणेश पूजा में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के उप कमांडेंट रवि रंजन सिंह और सहायक कमांडेंट मनीष बिस्नोय की अगुवाई में सुरक्षा बल के जवान शामिल हुए। अधिकारियों ने पूजा स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

उप कमांडेंट रवि रंजन सिंह ने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता हैं और अपने भक्तों के संकट दूर कर सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करनी चाहिए। उन्होंने गुवा वासियों और क्षेत्र के लोगों के सुख-समृद्धि की कामना की।

पूजा उत्सव के आयोजन में सीआईएसएफ यूनिट गुवा की संरक्षिका कमेटी की महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा सीआईएसएफ जवानों के परिवार के दर्जनों सदस्यों ने भी पूजा आयोजन में सहयोग किया।

गणेश पूजा को लेकर दिनभर विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ से पूरे गुवा क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

Related Post