गढ़वा। जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर गढ़वा पुलिस ने रविवार देर रात चार थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। रमना, खरौंधी, धुरकी और कांडी थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में आरोपी और वारंटी समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गढ़वा पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की रात रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार, खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम, धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत और कांडी थाना प्रभारी अशफाक आलम के नेतृत्व में संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बलों की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। अभियान का मुख्य उद्देश्य विभिन्न कांडों में शामिल आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के साथ न्यायालय से जारी वारंट एवं कुर्की आदेशों का प्रभावी ढंग से अनुपालन कराना था।
रमना थाना क्षेत्र से सुनील उरांव, जगन्नाथपुर के बहियार खुर्द निवासी, विदेशी भुइयां, बालेश्वर भुइयां और सकेंद्र यादव, सभी बुल्का निवासी तथा विजय भुइयां, कोरगा निवासी को गिरफ्तार किया गया। खरौंधी थाना पुलिस ने कुप्पा निवासी पप्पू विश्वकर्मा को पकड़ा। धुरकी थाना क्षेत्र से करवा पहाड़ निवासी हामिद अंसारी और पनघटवा निवासी रामनाथ सिंह गिरफ्तार हुए। वहीं कांडी थाना पुलिस ने गरदाहा निवासी सूरज कुमार बैठा और चटनियां निवासी सुखारी रजवार को गिरफ्तार किया।
गढ़वा पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।

