Breaking
Mon. Sep 14th, 2026

आईआरसीटीसी ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक दिन में 20.06 लाख से अधिक टिकटों की बुकिंग

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था को लगातार मजबूत और आधुनिक बनाने के प्रयासों के बीच आईआरसीटीसी ने एक नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है। 7 सितंबर 2026 को आईआरसीटीसी के माध्यम से एक ही दिन में 20,06,353 टिकटों की बुकिंग हुई, जो अब तक की सबसे अधिक एकदिवसीय बुकिंग है। त्योहारी सीजन के दौरान अग्रिम आरक्षण अवधि में टिकटों की बढ़ी मांग के बीच यह उपलब्धि हासिल हुई। इसके अगले दिन 8 सितंबर को भी 19,50,699 टिकटों की बुकिंग दर्ज की गई।

आईआरसीटीसी के अनुसार, पिछले वर्ष त्योहारी सीजन में 19 अगस्त 2025 को एक दिन में सर्वाधिक 18,40,203 टिकट बुक हुए थे। इस बार का आंकड़ा पिछले रिकॉर्ड से काफी अधिक है और ऑनलाइन आरक्षण प्रणाली की बढ़ी क्षमता को दर्शाता है। वर्तमान में कुल आरक्षित टिकटों में करीब 89 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन माध्यम से बुक किए जा रहे हैं।

आंकड़ों के मुताबिक दिनभर होने वाली बुकिंग में सुबह 8 से 9 बजे के बीच कुल बुकिंग का केवल 8.43 से 14.14 प्रतिशत हिस्सा होता है, जबकि 85 प्रतिशत से अधिक टिकटों की बुकिंग इसके बाद सफलतापूर्वक होती है। सुबह 8 से 8.15 बजे के बीच सबसे अधिक बुकिंग दर्ज की जाती है, जिससे इस अवधि में एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों की टिकट बुकिंग की कोशिश का पता चलता है।

आईआरसीटीसी ने बताया कि एनजीईटी यानी नेक्स्ट जेनरेशन ई-टिकटिंग प्रणाली के सर्वर ढांचे को अपग्रेड किया गया है। पुराने सर्वरों की जगह नए सर्वर लगाए जाने से पूरे सिस्टम की क्षमता लगभग दोगुनी हो गई है। इसके साथ ही सॉफ्टवेयर के अनुकूलन और तकनीकी ढांचे में सुधार से प्रणाली की क्षमता में पहले की तुलना में कई गुना वृद्धि हुई है।

15 जुलाई 2026 से आईआरसीटीसी के नए यूजर इंटरफेस का बीटा संस्करण भी शुरू किया गया है। नए इंटरफेस को आधुनिक डिजाइन के अनुरूप तैयार किया गया है, जिससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया अधिक सरल और व्यवस्थित हुई है। अब स्लीपर, एसी थ्री टियर और एसी टू टियर जैसी विभिन्न श्रेणियों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर देखी जा सकती है। इससे यात्रियों को अलग-अलग विकल्पों की तुलना करने और तेजी से निर्णय लेने में सुविधा मिल रही है।

ऑनलाइन टिकट व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए एंटी-बॉट तकनीक और कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क की सुविधा भी लागू की गई है। एंटी-बॉट तकनीक से हाल के महीनों में संदिग्ध बॉट ट्रैफिक में 55 से 65 प्रतिशत तक कमी आई है। वहीं, स्थिर सामग्री के लिए सीडीएन के इस्तेमाल से एनजीईटी प्रणाली पर दबाव कम हुआ है। आईआरसीटीसी की नेटवर्क सुरक्षा टीम फर्जी वेबसाइटों और आईआरसीटीसी के नाम पर संचालित किए जा रहे फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है।

अधिकृत टिकट एजेंटों को अग्रिम आरक्षण अवधि की शुरुआत के पहले 10 मिनट यानी सुबह 8 से 8.10 बजे तक टिकट बुक करने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा 12 अक्टूबर 2025 से आरक्षण खुलने के समय केवल आधार प्रमाणित उपयोगकर्ताओं को टिकट बुक करने की अनुमति दी गई है। आईआरसीटीसी के अनुसार, प्रत्येक अग्रिम आरक्षण दिवस पर एनजीईटी प्रणाली ने 1.33 से 1.74 करोड़ लॉगिन और 17 से 20 लाख टिकट बुकिंग को सफलतापूर्वक संभाला है।

टिकट बुकिंग प्रणाली के दुरुपयोग पर कार्रवाई के तहत 3.04 करोड़ यूजर आईडी निष्क्रिय की गई हैं, जबकि 6.33 करोड़ आईडी को पुनः सत्यापन के दायरे में रखा गया है। इसके अलावा 16,041 संदिग्ध ईमेल डोमेन को ब्लॉक किया गया है और 4.21 लाख संदिग्ध पीएनआर से संबंधित 592 शिकायतें साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज कराई गई हैं।

आईआरसीटीसी का दावा है कि अत्यधिक संख्या में एक साथ आने वाले अनुरोधों के बावजूद एनजीईटी प्लेटफॉर्म में किसी तरह की विफलता या सेवा बाधित होने की स्थिति नहीं आई। लगातार बढ़ते यात्री दबाव के बीच प्रणाली ने सुरक्षित और समान तरीके से बड़ी संख्या में टिकट बुकिंग को संभाला है। आईआरसीटीसी ने कहा है कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक ऑनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रणाली में लगातार तकनीकी उन्नयन जारी रहेगा।

Related Post