जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत खड़ीयासाई में अंचल कार्यालय के समीप कथित रूप से करीब 12 हजार सीएफटी बालू के भंडारण को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के जिला सचिव जयराम हांसदा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश की अनदेखी कर बालू का कारोबार किया जा रहा है। उन्होंने मामले की जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
जयराम हांसदा ने कहा कि खड़ीयासाई में अंचल कार्यालय के समीप इतनी बड़ी मात्रा में बालू का स्टॉक पाया जाना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और बालू कारोबारियों के बीच मिलीभगत की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की। उनका कहना है कि यदि बालू का भंडारण और कारोबार नियमों के अनुरूप है तो संबंधित विभाग को इसकी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य जरूरी हैं और निर्माण कार्यों के लिए बालू की आवश्यकता भी होती है, लेकिन इसके नाम पर प्राकृतिक संसाधनों का अनियंत्रित दोहन उचित नहीं है। नदियों और अन्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए नियमों का पालन किया जाना चाहिए। जयराम हांसदा ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की, ताकि अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाई जा सके और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित हो।

