जमशेदपुर। गोलमुरी चौक के पास मंगलवार की शाम कार हटाने को लेकर हुए विवाद में एक महिला अधिवक्ता की कार में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। महिला अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि काले रंग की एसयूवी में सवार चार युवकों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर उनके नाबालिग बेटे के साथ मारपीट की। इस दौरान एक युवक ने बेसबॉल बैट से उनकी कार का शीशा भी तोड़ दिया। घटना के समय कार में उनके तीन बच्चे मौजूद थे, जो हंगामे और तोड़फोड़ से काफी डर गए।
सोनारी थाना क्षेत्र के बाल बिहार निवासी अधिवक्ता विजिता टोपनो ने घटना को लेकर गुरुवार को गोलमुरी थाना में अज्ञात युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने बताया कि 8 सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे वह अपने बच्चों के साथ बेटे का दांत का इलाज कराने गोलमुरी जा रही थीं। गोलमुरी एचपी पेट्रोल पंप के समीप पेट्रोल पंप के बगल वाले रास्ते में एक काले रंग की एसयूवी कार संख्या जेएच05 डीक्यू 198 खड़ी थी। कार में चार युवक बैठे थे, जिसके कारण रास्ता बाधित हो रहा था।
विजिता टोपनो के अनुसार, उन्होंने युवकों से कार किनारे करने को कहा, जिसके बाद वे गाली-गलौज करने लगे। महिला अधिवक्ता ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि उनके बेटे ने युवकों को गाली देने से मना किया, जिसके बाद युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने बेसबॉल बैट से उनकी कार का शीशा तोड़ दिया। तोड़फोड़ और हंगामे के बाद सभी युवक अपनी एसयूवी लेकर मौके से फरार हो गए।
अधिवक्ता ने बताया कि घटना के समय आसपास काफी लोग मौजूद थे और कुछ दूरी पर यातायात पुलिस के जवान भी खड़े थे। उन्होंने यातायात पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें गोलमुरी थाना जाकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। महिला अधिवक्ता ने पुलिस से अज्ञात युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के साथ अपनी और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

