सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र के बंदडीह चौक के समीप मंगलवार को हुए सड़क हादसे में 35 वर्षीय संजय महतो की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक भालुबासा गांव का निवासी बताया गया है।
जानकारी के अनुसार संजय महतो मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर से गम्हरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान बंदडीह चौक के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संजय को देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी थी और सिर का एक हिस्सा बुरी तरह कुचल गया था। दुर्घटना में उसका एक हाथ भी टूट गया था। गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी जान चली गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। हादसे की जांच के साथ पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का भी पता लगाने में जुटी है।

