Breaking
Mon. Sep 7th, 2026

बड़कागांव में प्रिंस खान गैंग का सक्रिय अपराधी गिरफ्तार, देसी पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद

हजारीबाग। बड़कागांव थाना क्षेत्र के कोयलांग बाकपंजा जंगल में आपराधिक वारदात की योजना बना रहे प्रिंस खान गैंग के एक सक्रिय सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस, प्रिंस खान के नाम से लिखा दो पर्चा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तलसवार निवासी करीब 25 वर्षीय संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, छह सितंबर को हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग से जुड़े कुछ अपराधी कोयलांग बाकपंजा जंगल में एकत्र होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने के बाद बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने जंगल में पहुंचकर निगरानी शुरू की। इसी दौरान सड़क किनारे जंगल में एक टूटे मिट्टी के घर के पीछे तीन युवक छिपे दिखाई दिए। पुलिस को अपनी ओर आता देखकर तीनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पूछताछ में गिरफ्तार संदीप ने पुलिस को बताया कि फरार दोनों युवकों को प्रिंस खान ने हथियार और गोली के साथ बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए उसके पास भेजा था। तीनों मिलकर हथियार, कारतूस और पर्चे के साथ आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे। संदीप ने पुलिस को बताया कि वह दोनों फरार युवकों के नाम-पते से परिचित नहीं है।

पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में संदीप ने कथित तौर पर 25 जुलाई 2026 को 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड, बुढ़ना घाटी में हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, उसने गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देश पर पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पाण्डेय के कहने पर कुणाल कुमार पाण्डेय के साथ मिलकर हाईवा वाहन पर पिस्टल से गोलीबारी की थी। इस घटना में अंकित कुमार पाण्डेय और कौशल पाण्डेय उर्फ ओमप्रकाश पाण्डेय के भी शामिल होने की बात पुलिस ने बताई है।

गिरफ्तार संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, फरार दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले में गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Related Post