जमशेदपुर। झारखंड गोजू र्यू कराटे-डो एसोसिएशन की ओर से ब्लैक बेल्ट प्रशंसा एवं प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कराटे की कठिन परीक्षा सफलतापूर्वक पास करने वाले 12 खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट के साथ शो-डान प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ब्लैक बेल्ट परीक्षा कान्चो एल. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन और देखरेख में आयोजित हुई। परीक्षा के दौरान खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और कराटे के प्रति समर्पण को परखा गया। सफल खिलाड़ियों ने पिछले पांच वर्षों से शिहान सरजू राम, ब्लैक बेल्ट 5th Dan (Japan) और सेंसई एम. प्रशांत, ब्लैक बेल्ट 3rd Dan (Malaysia) के निर्देशन में नियमित प्रशिक्षण लिया है।
समारोह के मुख्य अतिथि चमकता आईना हिंदी दैनिक के मैनेजिंग एडिटर बृज भूषण सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि एस.एस. एकेडमी की प्राचार्या डॉ. लता मंकर तथा विशेष अतिथि डीडी न्यूज़ के डॉ. राजेश कुमार लाल दास ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। अतिथियों ने सफल खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट और शो-डान प्रमाणपत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
अतिथियों ने कहा कि ब्लैक बेल्ट हासिल करना महज एक प्रमाणपत्र या उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह वर्षों की मेहनत, अनुशासन, आत्मसंयम, धैर्य और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति इसी तरह समर्पित रहने और कराटे की सीख को जीवन में उतारने की सलाह दी।
शिहान सरजू राम और सेंसई एम. प्रशांत ने भी सभी सफल खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ब्लैक बेल्ट कराटे की यात्रा का अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि एक नए चरण की शुरुआत है। इसके साथ खिलाड़ियों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने कराटे के मूल सिद्धांतों अनुशासन, सम्मान, आत्मरक्षा, आत्मसंयम और निरंतर अभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों के अभिभावक, प्रशिक्षक और कराटे एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों की सफलता की सराहना करते हुए इसे पांच वर्षों की कठिन मेहनत और निरंतर प्रशिक्षण का परिणाम बताया। एसोसिएशन की ओर से सभी ब्लैक बेल्ट प्राप्त खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

