जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पहाड़भांगा पिकनिक स्थल पर रविवार को नदी में नहाने के दौरान टेल्को निवासी 20 वर्षीय युवक राजू सिंह तेज बहाव में बहकर डूब गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से युवक की तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार टेल्को आजाद बस्ती निवासी राजू सिंह रविवार दोपहर करीब तीन बजे अपने दोस्तों मुकेश सिंह, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार, संजीव कुमार और बिरेंद्र सिंह के साथ पहाड़भांगा पिकनिक मनाने पहुंचा था। पिकनिक के दौरान राजू सिंह अपने दो दोस्तों मुकेश सिंह और राजेश कुमार के साथ नदी में नहाने चला गया। इसी दौरान राजू धीरे-धीरे नदी के गहरे हिस्से में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा।
राजू को डूबता देख उसके साथ मौजूद मुकेश सिंह ने भी उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह खुद भी गहरे पानी में फंस गया। हालांकि किसी तरह वह नदी से बाहर निकल आया, जबकि राजू पानी से बाहर नहीं निकल सका।
घटना की जानकारी मिलते ही पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस बल के साथ पहाड़भांगा पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बावजूद अंधेरा होने तक राजू सिंह का पता नहीं चल पाया। पुलिस को आशंका है कि नदी के तेज बहाव में बहने के कारण युवक गहरे पानी में चला गया है।
थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि घटना की जानकारी राजू के पिता राजेश सिंह को दे दी गई है। सोमवार को एनडीआरएफ की टीम के सहयोग से नदी में विशेष तलाशी अभियान चलाकर राजू सिंह को खोजने का प्रयास किया जाएगा।

