Breaking
Sat. Aug 29th, 2026

नामकुम में बेकाबू कंटेनर ने सड़क निर्माण में जुटे मजदूरों को रौंदा, दो की मौत, तीन गंभीर

रांची। नामकुम थाना क्षेत्र के पुराना रामपुर के समीप शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल एक मजदूर की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी मजदूर सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य में जुटे हुए थे।

जानकारी के अनुसार, पुराना रामपुर के पास एनएच-33 पर शनिवार को मजदूर रोजाना की तरह सड़क निर्माण का काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहा एक कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कंटेनर सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में लेने के बाद पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि दो मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घटना की सूचना नामकुम थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल तीन मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। अस्पताल में सभी का उपचार चल रहा है, जबकि एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

इधर, पुलिस ने दोनों मृत मजदूरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कंटेनर के सड़क पर पलट जाने से एनएच-33 पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका।

नामकुम थाना पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कंटेनर चालक और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

Related Post