चतरा। हुसिया बाजार से आगे पंचमो जंगल के समीप शनिवार सुबह मवेशियों से लदा एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन में सवार करीब 15 गायों की मौत होने की सूचना है, जबकि कुछ अन्य मवेशियों के भी घायल होने की बात सामने आ रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप में लगभग 20 मवेशी लदे हुए थे।
बताया गया कि पिकअप जंगल के रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और वह दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और वाहन में बड़ी संख्या में मवेशियों को लदा देखकर इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप की जांच शुरू की। पुलिस ने वाहन में लदे मवेशियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तौर पर करीब 20 मवेशियों के वाहन में होने की बात कही जा रही है, हालांकि मृत पशुओं की वास्तविक संख्या और घटना में शामिल अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद क्षेत्र में मवेशियों की तस्करी को लेकर भी तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस इस बिंदु को ध्यान में रखते हुए भी मामले की जांच कर रही है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक और उसके मालिक से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास भी किया जा रहा है।

