Breaking
Sat. Aug 22nd, 2026

जलजमाव और कचरे की समस्या को लेकर एनसीपी ने जमशेदपुर नोटिफाइड को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर। शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों समेत कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति को लेकर एनसीपी जमशेदपुर महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जमशेदपुर नोटिफाइड को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से जलजमाव और साफ-सफाई की समस्या पर तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।

एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. पवन पांडेय ने कहा कि बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति गंभीर होती जा रही है। कई घरों में पानी प्रवेश करने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, विभिन्न क्षेत्रों में कचरे का अंबार लगा हुआ है। जलजमाव और जमा कचरे के कारण आने वाले दिनों में कई तरह की बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि समस्या बढ़ने के बाद सक्रिय होने के बजाय संबंधित विभागों को पहले से तैयारी रखनी चाहिए। यदि समय रहते नालियों की सफाई, कचरे का नियमित उठाव और जलजमाव वाले क्षेत्रों में आवश्यक उपाय किए जाएं तो स्थिति को गंभीर होने से रोका जा सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि शहर के प्रभावित इलाकों में तत्काल नालियों की सफाई कराई जाए, कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए और संक्रमण से बचाव के लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए।

एनसीपी नेताओं ने कहा कि बरसात के दौरान आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जमशेदपुर नोटिफाइड को अभी से सक्रिय होकर अभियान चलाने की जरूरत है। प्रतिनिधिमंडल में जितेंद्र मिश्रा, तेजपाल सिंह टोनी, शैलेन्द्र झा, सौरव ओझा, ललित ढिंगरा और सुनील तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related Post