चाईबासा: रुंगटा मैरिज हाउस, चाईबासा में बुधवार को श्री बोल बम सेवा समिति की प्रेस वार्ता अध्यक्ष मोहन रुंगटा की अध्यक्षता में हुई। प्रेस वार्ता को प्रेस प्रभारी रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1978 में स्थापित समिति की ओर से इस वर्ष मुर्गा महादेव पदयात्रा में शामिल होने वाले कांवरियों के लिए 49वां निःशुल्क विशाल कांवरिया सेवा शिविर लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को स्थानीय ठाकुरबाड़ी श्याम मंदिर, चाईबासा में सुबह 10 बजे से रुद्राभिषेक तथा दोपहर 1 बजे प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
रमेश खिरवाल ने बताया कि 21 और 23 अगस्त तक होने वाली मुर्गा महादेव पदयात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कांवरियों के लिए भोजन, जलपान, चिकित्सा और विश्राम की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी। 21 अगस्त की रात झींकपानी में सेवा शिविर लगाया जाएगा, जिसकी व्यवस्था मानीक दास, अजय मिश्रा, भारत लोहानी, विक्की लोहानी एवं झींकपानी के सभी सदस्य करेंगे।
22 अगस्त को दोपहर हाटगम्हरिया में मोहन रुंगटा, प्रताप पुष्टी एवं हाटगम्हरिया के सदस्य सेवा देंगे। इसी दिन रात में जगन्नाथपुर में संजय गर्ग, शिव बजाज एवं सोनू शर्मा की देखरेख में शिविर लगेगा। कोटगढ़ में 22 अगस्त की रात से प्रभु इच्छा तक सेवा की व्यवस्था रहेगी। 23 अगस्त की रात कोटगढ़ में डाक सेवा एवं भजन संध्या का आयोजन होगा। इसकी जिम्मेदारी अनिल मुरारका, पवन चांडक, श्रवण खोवाला, राजकुमार मुंधडा एवं सभी सदस्यों की रहेगी।
रमेश खिरवाल ने बताया कि इस बार रविवार को निकलने वाले डाक बम हाटगम्हरिया मार्ग से ही जाएंगे। इसकी सूचना सभी थानों और जिला प्रशासन को दी जा चुकी है। उन्होंने सेवा शिविर लगाने वाली संस्थाओं और आम लोगों से इसी मार्ग पर अपनी व्यवस्था करने की अपील की। साथ ही जिला प्रशासन से रविवार से सोमवार शाम तक उक्त सड़क पर बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रखने का आग्रह किया, ताकि डाक बम और लौटने वाले कांवरियों को परेशानी न हो।
मौके पर समिति के पदाधिकारियों के निर्वतमान अध्यक्ष रमेश चौमाल, उपाध्यक्ष अशोक विजयवर्गीय एवं सोनू शर्मा, कोषाध्यक्ष अजय बजाज, सचिव संजय गर्ग, सह सचिव धिरज अग्रवाल एवं गोपाल शाह तथा कार्यक्रम संयोजक शिव बजाज उपस्थित थे।

