जमशेदपुर। जिला समन्वय समिति की बैठक में उपायुक्त राजीव रंजन ने विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया। बुधवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि विभागीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से तत्काल समाधान किया जाए और सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने राजकीय पारामेडिकल संस्थान और एमजीएम मेडिकल कॉलेज के भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए चिन्हित भूमि के हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। इसके साथ ही रिजनल वैक्सीनेशन सेंटर के नए भवन, केजीबीवी डुमरिया में पेयजल सुविधा तथा जुगसलाई कन्या उच्च विद्यालय में प्रस्तावित 11 अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण की प्रगति की भी जानकारी ली गई।
झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के वैसे लाभुक, जिन्हें अब तक भुगतान नहीं मिला है, उनके सत्यापन और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश भी उपायुक्त ने दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुक किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहें।
उपायुक्त ने दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को लेकर सभी प्रखंडों में विशेष निगरानी का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में छूटे हुए दिव्यांग बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी प्रखंड में सभी पात्र बच्चों का नामांकन पूरा हो चुका है तो जिला शिक्षा अधीक्षक प्रमाणिक जानकारी के साथ प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें।
बच्चों के बैंक खाते खोलने की समीक्षा में सामने आया कि जिले में करीब एक हजार बच्चों के खाते अभी नहीं खुल पाए हैं। उपायुक्त ने एलडीएम के साथ समन्वय कर विशेष अभियान चलाने तथा सभी पात्र बच्चों के बैंक खाते जल्द खुलवाने का निर्देश दिया, ताकि सरकारी योजनाओं की राशि और अन्य लाभ समय पर उनके खातों में पहुंच सके।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने, उत्क्रमित पशु चिकित्सा केंद्र मानगो के संचालन के लिए वैकल्पिक भवन की व्यवस्था, डिमना चौक पर डीवीसी की ईएचटी लाइन की ऊंचाई बढ़ाने के लिए मोनोपोल लगाने, आसनबनी में वाटर पाइपलाइन शिफ्टिंग तथा अवध डेंटल कॉलेज से बरसोल तक सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट लगाने जैसे मामलों की भी समीक्षा हुई।
मुसाबनी डिग्री कॉलेज को आवंटित भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के लिए एनओसी से जुड़े मामलों पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में खराब पड़े जलमीनारों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उनकी मरम्मत कराने को कहा। वहीं एमजीएम मेडिकल कॉलेज में आधारभूत संरचना से संबंधित मरम्मत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, निदेशक एनईपी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, बीडीओ, सीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

