Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

*युवाओं के मुद्दों और झारखंड के खनिज हितों पर कांग्रेस की बैठक*

चाईबासा: जिला कांग्रेस कमिटी, पश्चिमी सिंहभूम के अध्यक्ष रंजन बोयपाई की अध्यक्षता में सोमवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिला कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक का संचालन जिला महासचिव सह प्रवक्ता त्रिशानु राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यालय सचिव सुशील दास ने किया।

बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला उपाध्यक्षों को प्रखंड एवं मंडल स्तर पर संगठन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय बनाकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की जरूरत है।

बैठक में झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं में सुधार, पारदर्शिता और समय पर नियुक्ति के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। छात्र आंदोलनों को लेकर कांग्रेस की भूमिका और आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

इसके अलावा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक और उसके झारखंड के हितों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव पर भी चर्चा की गई। राज्य के खनिज संसाधनों, राजस्व और राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की भूमिका तय करने पर विचार किया गया।

जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि कांग्रेस झारखंड के हितों, युवाओं के अधिकारों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को बूथ स्तर से जिला स्तर तक मजबूत बनाने और अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की।

पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु ने भी संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति पर अपने सुझाव दिए।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष कैरा बिरुवा, इम्तियाज खान, सुरेश सावैयां, अनुप्रिया सोय, संजय रवि, आदिवासी कांग्रेस राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई और युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अविनाश कोड़ाह उपस्थित थे।

Related Post