Breaking
Sat. Aug 15th, 2026

टाटा स्टील में स्वतंत्रता दिवस समारोह, 40 मिलियन टन उत्पादन क्षमता का लक्ष्य, हरित इस्पात और डिजिटल तकनीक पर जोर

जमशेदपुर। टाटा स्टील में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट ऑपरेशंस चैतन्य भानु ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि टाटा स्टील भारतीय परिचालन को आधुनिक बनाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कम कार्बन वाले हरित इस्पात के उत्पादन को बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है।

चैतन्य भानु ने बताया कि झारखंड में विभिन्न परियोजनाओं के तहत कंपनी करीब 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। कंपनी की योजना भारतीय परिचालन की कुल इस्पात उत्पादन क्षमता को वर्तमान 27.35 मिलियन टन से बढ़ाकर 40 मिलियन टन प्रतिवर्ष करने की है। जमशेदपुर में हरित इस्पात उत्पादन के लिए HIsarna और EASyMelt जैसी नई तकनीकों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। HIsarna पायलट प्लांट की क्षमता करीब एक मिलियन टन होगी और इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी के साथ भारतीय कोकिंग कोल के बेहतर इस्तेमाल की उम्मीद है।

टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड में नई एक्स्ट्रा लाइन के लिए करीब 2500 से 2600 करोड़ रुपये तथा कॉम्बी मिल विस्तार के लिए करीब 1500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से करीब दो हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।

कंपनी उत्पादन और सुरक्षा व्यवस्था में डिजिटल तकनीक तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल भी बढ़ा रही है। मशीनों में सेंसर लगाकर उनकी स्थिति और वाइब्रेशन की जानकारी रियल टाइम में हासिल की जा रही है। वहीं, 800 से अधिक एआई मॉडल और एल्गोरिदम के जरिए सुरक्षा जोखिमों का पूर्वानुमान लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

सुरक्षा के मद्देनजर प्लांट परिसर में दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर चरणबद्ध रोक लगाने की तैयारी है। इसे लागू करने से पहले यूनियन प्रतिनिधियों और कर्मचारियों से बातचीत की जा रही है। कंपनी का लक्ष्य उत्पादन बढ़ाने के साथ बेहतर गुणवत्ता, ऊर्जा दक्षता, कम लागत और कम कार्बन उत्सर्जन वाला स्मार्ट स्टील उत्पादन करना है।

Related Post