Breaking
Tue. Aug 11th, 2026

*टाटा मोटर्स में स्थायीकरण की अंतिम सूची जारी, 78 अस्थायी कर्मचारियों का खत्म होगा इंतजार*

जमशेदपुर। टाटा मोटर्स में अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण की प्रक्रिया अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। कंपनी प्रबंधन की ओर से अस्थायी कर्मचारियों के अंतिम बैच की सूची जारी कर दी गई है। जारी सूचना के अनुसार इस अंतिम बैच में 78 अस्थायी कर्मचारियों को मेडिकल जांच, दस्तावेजों के सत्यापन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रोबेशनर के रूप में शामिल किया जाएगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद अस्थायी कर्मचारियों की कोई नई सूची जारी नहीं होगी।

टाटा मोटर्स प्रबंधन, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन और झारखंड के श्रम आयुक्त की मौजूदगी में 25 जनवरी 2024 को हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत अस्थायी पूल में कार्यरत कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से स्थायी करने का निर्णय लिया गया था। समझौते के अनुसार प्रत्येक तिमाही 225 अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी किया जाना था और सालाना 900 कर्मचारियों के स्थायीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसमें कर्मचारियों की वरिष्ठता और पात्रता को आधार बनाया गया।

इसी प्रक्रिया के तहत अब अंतिम बैच के कर्मचारियों की सूची प्रकाशित की गई है। सूची में शामिल कर्मचारियों को उनकी निर्धारित मेडिकल जांच की तारीख से एक दिन पहले टाटा मोटर्स सेंट्रल एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। ए शिफ्ट में कार्यरत कर्मचारियों को बी शिफ्ट में तथा बी शिफ्ट वालों को ए शिफ्ट में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

कर्मचारियों को पांच हालिया पासपोर्ट साइज फोटो, पैन कार्ड की छायाप्रति, बैंक पासबुक, यूएएन सर्विस हिस्ट्री, यूएएन पासबुक, ई-नॉमिनेशन प्रूफ, पिछले तीन दिनों के भीतर डाउनलोड किया गया ई-आधार कार्ड और सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र साथ लाने को कहा गया है। निर्धारित तिथि पर रिपोर्ट नहीं करने वाले कर्मचारियों को इस अवसर में रुचि नहीं रखने वाला माना जाएगा।

जारी सूची में 14 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक अलग-अलग तारीखों पर मेडिकल जांच निर्धारित की गई है। सूची में शामिल कर्मचारियों के नामों में मनजीत सिंह, राव, बी प्रह्लाद, सी भगवत राव, राजकुमार यादव, आरके सिन्हा, गयासुद्दीन, मोहम्मद अली सिद्दीकी, दीपक घोष, बिपिन कुमार जायसवाल, जेम्स मुंडू, अनिल कुमार सिंह, यारनागोलु कृष्णा राव, प्रदीप कुमार तिवारी, जमी भास्कर, इंद्रदीप प्रसाद, विवेक कुमार सिंह, प्रभु राम मुंडा, शशि धर, एसके पांडेय, एमपी सिंह, अरविंद कुमार सिंह, प्रभात कुमार, मुकेश कुमार रवि, तपस मंडल, सुभाषिष चटर्जी, जितेंद्र कुमार सिंह, डोमो भूमिज, रोक्कम हेमंथा कुमार, मृदुला चटर्जी, नीलमणि नाग, बाबलू, अवतार सिंह, रोहिणी कुमारी, हम बहादुर थापा, कन्हैया, अनिर्बान रॉय, राजू सिंह, बलजिंदर सिंह, मोहम्मद नसीम शेख, ए पंकज कुमार, मोनिका भद्रा, शालिनी सिंह, सबा अंजुम और उमा कुमान शामिल हैं।

इसके अलावा अंतिम सूची के दूसरे पृष्ठ में संजीत कुमार शुक्ला, राजेश करमाकर, श्वेता कुमारी, शंकर हो, शालिनी कुमारी, रविंदर सिंह, आदित्य नाथ यादव, महताब आलम, सत प्रकाश गिरी, प्रकाश कुमार, शिल्पी खलखो, यूपीएसवी राजू, राजीव कुमार राणा, कृष्णा राणा, सुनीति सिंह, सावित्री सामद, स्वाधीन सिंह, महाबीर, सगुन हेंब्रम, राहुल सिंह, रवि कुमार, आदित्य कुमार, अभूत करमाकर, अभिषेक यादव, शुभंकर दास, सुधांशु रंजन, शुभम कुमार, अविनाश कुमार, अंतर्स चक्रवर्ती और चंद्रभान सिंह के नाम दर्ज हैं।

टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह ने अंतिम सूची में शामिल सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कर्मचारियों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय पर सेंट्रल एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो में पहुंचकर मेडिकल और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। साथ ही किसी प्रकार की परेशानी होने पर यूनियन से संपर्क करने की बात कही है।

अंतिम बैच की सूची जारी होने के साथ टाटा मोटर्स में अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण की लंबे समय से चली आ रही प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। कंपनी की ओर से जारी सूचना में भी इसे अस्थायी कर्मचारियों का अंतिम बैच बताया गया है और साफ किया गया है कि इसके बाद कोई नई सूची प्रकाशित नहीं की जाएगी।

Related Post