Breaking
Mon. Aug 10th, 2026

मानगो में निर्माणाधीन मकान में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मजदूर की मौत

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के कुमरुम बस्ती में सोमवार दोपहर निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे 33 वर्षीय मजदूर अरविंद महतो की हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में अरविंद गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद करीब डेढ़ बजे उसे एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि अरविंद महतो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के आमड़ाबेड़ा का रहने वाला था और पिछले करीब दस वर्षों से जमशेदपुर में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। वह फदलोगोड़ा के समीप रांगाखेन्ना गांव में अपने रिश्तेदार के घर रहकर काम करता था। सोमवार को वह कुमरुम बस्ती निवासी निमाई महतो के निर्माणाधीन मकान में पिलर के गेट के लिए सेंट्रिंग का काम कर रहा था। उसके साथ एक महिला मजदूर भी काम कर रही थी। मकान में सेंट्रिंग का काम रविवार से शुरू हुआ था।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के ऊपर से हाईटेंशन बिजली का तार गुजर रहा है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे काम के दौरान अरविंद तार की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद वह बुरी तरह झुलस गया। घटना के दौरान तेज आवाज सुनकर मकान मालिक के चचेरे भाई को हादसे की जानकारी हुई।

अरविंद के चाचा नीलकमल महतो ने बताया कि हादसा करीब दोपहर 12 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही उसके पिता निवारण महतो समेत परिवार के अन्य सदस्य एमजीएम अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार अरविंद के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। करीब आठ दिन पहले ही वह अपने गांव से धनरोपनी का काम पूरा कर जमशेदपुर लौटा था। उसका पूरा परिवार गांव में ही रहता है और वह सप्ताह में एक-दो दिन गांव आता-जाता था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Post