Breaking
Mon. Aug 10th, 2026

छह घंटे के सत्याग्रह के बाद अधिकारियों से वार्ता, रमेश बालमुचू ने खत्म की भूख हड़ताल अपडेट

चाईबासा। झींकपानी स्थित अडानी एसीसी सीमेंट फैक्ट्री को बंद होने से बचाने की मांग को लेकर एसीसी बचाओ जन संघर्ष समिति के संयोजक रमेश बालमुचू द्वारा शुरू किया गया अनिश्चितकालीन सत्याग्रह सोमवार को करीब छह घंटे बाद अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद समाप्त हो गया। पुराने उपायुक्त कार्यालय के समीप कोर्ट रोड पर सुबह से चल रही भूख हड़ताल को दोपहर करीब 3:15 बजे अधिकारियों ने जूस पिलाकर समाप्त कराया।

रमेश बालमुचू ने एसीसी सीमेंट फैक्ट्री को बंद किए जाने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए फैक्ट्री को बचाने और इससे जुड़े मजदूरों एवं स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। उनके सत्याग्रह की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उनसे बातचीत की।

सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी और सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार ने रमेश बालमुचू से उनकी मांगों और आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर जानकारी ली। अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद आंदोलन समाप्त करने पर सहमति बनी।

इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि रमेश बालमुचू की ओर से उठाई गई सभी बातों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की जाएगी। इस वार्ता में रमेश बालमुचू और एसीसी बचाओ जन संघर्ष समिति की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों को रखा जाएगा और संबंधित पक्षों के साथ चर्चा की जाएगी।

इसके बाद अधिकारियों ने रमेश बालमुचू को जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराई। करीब छह घंटे तक चले सत्याग्रह के समाप्त होने के बाद समिति ने कहा कि फैक्ट्री को बंद होने से बचाने और स्थानीय लोगों के रोजगार की सुरक्षा के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेगा।

Related Post