Breaking
Mon. Aug 10th, 2026

टाटानगर स्टेशन पर ट्रेन की छत पर चढ़ा युवक, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलसा

जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 30 वर्षीय युवक सागु राम खड़ी टाटा-दानापुर ट्रेन की छत पर चढ़ गया। युवक को ट्रेन के ऊपर चढ़ते देख स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह उनकी बातों को नजरअंदाज करते हुए ट्रेन की छत पर चहलकदमी करता रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने लोगों से कहा कि वह ट्रेन की छत पर चढ़कर एक छोर से दूसरे छोर तक जाएगा। इसके बाद वह काफी देर तक ट्रेन की छत पर घूमता रहा। इस दौरान नीचे खड़े यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। रेलकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे लगातार नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन युवक ट्रेन की छत से नहीं उतरा।

इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से युवक को जोरदार झटका लगा और वह ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों और रेलकर्मियों ने तत्काल घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में युवक का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। हादसे के कारण टाटानगर स्टेशन परिसर में कुछ देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Related Post