जमशेदपुर, 7 अगस्त: कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 (BVM 2026) का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह देश का अब तक का सबसे बड़ा “मेड इन इंडिया” व्यापारिक महोत्सव होगा, जिसका उद्देश्य भारतीय उत्पादों, सेवाओं, स्टार्टअप, एमएसएमई, महिला उद्यमियों और कारीगरों को वैश्विक बाजार से जोड़ना है।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल तथा राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन 12 अगस्त को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा कैट की रणनीतिक सलाहकार स्मृति ईरानी समेत कई केंद्रीय मंत्री, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और विभिन्न देशों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में देशभर से 700 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जबकि 40 से अधिक देशों के खरीदार और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे। चार दिवसीय आयोजन के दौरान बायर-सेलर मीट, बी2बी एवं बी2जी नेटवर्किंग, निवेश एवं निर्यात संवाद, स्टार्टअप शोकेस, तकनीकी प्रदर्शनी और विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी।
महोत्सव में जीआई टैग उत्पाद, हस्तशिल्प, हथकरघा, ग्रामीण एवं कुटीर उद्योगों के उत्पादों के साथ-साथ डिजिटल कॉमर्स, फिनटेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लॉजिस्टिक्स, हरित प्रौद्योगिकी और उन्नत विनिर्माण से जुड़े नवाचार भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा दिव्यांग उद्यमियों के लिए “एबिलिटी एक्सपो”, महिला उद्यमियों के लिए “नारी वंदन पवेलियन” और स्टार्टअप हब भी प्रमुख आकर्षण होंगे।
आयोजकों का कहना है कि यह महोत्सव “वोकल फॉर लोकल”, “लोकल टू ग्लोबल” और “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय व्यापार, निवेश, निर्यात और रोजगार सृजन को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

