गोइलकेरा: आगामी 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस के प्रखंड स्तरीय आयोजन को लेकर बुधवार को गोइलकेरा प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, मानकी-मुंडा संघ, आदिवासी “हो” समाज महासभा, विभिन्न आदिवासी समाजों के प्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों के प्रधानाचार्यों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष विश्व आदिवासी दिवस का मुख्य कार्यक्रम गोइलकेरा प्रखंड के आराहसा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र बाइपी मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सुदूरवर्ती गांवों और पंचायतों के लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि अब तक अधिकांश कार्यक्रम प्रखंड या जिला मुख्यालय में आयोजित होते रहे हैं, जिससे दूर-दराज़ के क्षेत्रों के लोगों की अपेक्षित सहभागिता नहीं हो पाती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में करने का निर्णय लिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन समिति का गठन, विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्धारण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी, प्रचार-प्रसार तथा प्रशासनिक समन्वय सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन का उद्देश्य आदिवासी समुदायों की पहचान, संस्कृति, भाषा, परंपरा, अधिकार एवं समाज के प्रति उनके योगदान का सम्मान करना तथा इन विषयों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।
बैठक में लिए गए निर्णयों एवं कार्यक्रम की जानकारी आदिवासी “हो” समाज महासभा, प्रखंड समिति, गोइलकेरा के प्रखंड अध्यक्ष पातोर जोंको ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

