Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत लीगल लिटरेसी क्लब में शिविर, विद्यार्थियों को मिली कानूनी अधिकारों की जानकारी

चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के अध्यक्ष मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में 90 दिवसीय विशेष कानूनी जागरूकता अभियान के तहत स्थानीय मांगी लाल रुंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय के लीगल लिटरेसी क्लब में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शिल्पा गुप्ता ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव का स्वागत अंगवस्त्र भेंट कर किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किशोर-किशोरियों को कानूनी अधिकारों और उनसे संबंधित आवश्यक जानकारियों से अवगत कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिविर को संबोधित करते हुए डीएलएसए के सचिव चौधरी ने विद्यार्थियों को बाल हित में संचालित सरकारी योजनाओं, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह, बाल उत्पीड़न और बच्चों के अधिकारों से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों पर भी विस्तार से जानकारी देते हुए जागरूक रहने की अपील की।

इस अवसर पर पीएलवी रेणु देवी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की कार्यप्रणाली, संरचना तथा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली नि:शुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी। वहीं, स्थायी लोक अदालत की सदस्य सुभद्रा बेहरा ने समाजहित से जुड़े विभिन्न विवादों के त्वरित समाधान के लिए स्थायी लोक अदालत में आवेदन देने की प्रक्रिया से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान लीगल लिटरेसी क्लब में पूर्व में आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। डीएलएसए के सचिव चौधरी ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शिल्पा गुप्ता ने प्रस्तुत किया।

Related Post