चाईबासा: सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चयनित छात्र परिषद के पदाधिकारियों का अलंकरण समारोह बुधवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने छात्र परिषद के सदस्यों को बैज एवं सैश पहनाकर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया तथा वैदिक हवन-यज्ञ का आयोजन भी किया गया।
समारोह में हेड बॉय के रूप में ऋषु सिंह और हेड गर्ल के रूप में अंशिका कुमारी अग्रवाल को दायित्व सौंपा गया। वहीं डिप्टी हेड बॉय आयुष सिन्हा तथा डिप्टी हेड गर्ल प्रियाशा केशरी को अलंकृत किया गया।
स्पोर्ट्स कैप्टन के रूप में दिव्यांश यादव और संजना कुरली, डिप्टी स्पोर्ट्स कैप्टन के रूप में परिकेत अग्रवाल और वर्षा शर्मा तथा कल्चरल सेक्रेटरी के रूप में सोहम मैती और विशिष्ठा पांडेय को उनके पदों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस अवसर पर प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार प्राप्त करना नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, उत्तरदायित्व और उत्कृष्ट आचरण के माध्यम से दूसरों के लिए प्रेरणा बनना है। उन्होंने छात्र परिषद के सदस्यों से विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए आदर्श बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चयन समिति के सदस्य, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का संचालन शिक्षिका ईशिका कुमारी और विजय लक्ष्मी बास्के ने किया। अंत में नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि नई छात्र परिषद अपने नेतृत्व, अनुशासन और समर्पण से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

