Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

परख ओलंपियाड के 315 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, शिक्षा को सफलता की सबसे बड़ी पूंजी बताया

चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय के सभागार में सोमवार को परख ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता कठिन परिश्रम से ही मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशापान एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, नियमित रूप से विद्यालय जाने, समूह अध्ययन (ग्रुप स्टडी) अपनाने तथा डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक और प्रभावी उपयोग कर पढ़ाई को बेहतर बनाने की सलाह दी।

उपायुक्त ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के भविष्य की मजबूत नींव होती हैं। इसलिए सभी विद्यार्थी पूरी लगन से तैयारी करें, विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा बेहतर परिणाम प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, समय का सदुपयोग, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों एवं अभिभावकों के मार्गदर्शन का सम्मान करते हुए जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ‘प्रोजेक्ट चेंज’ पहल की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत सड़क सुरक्षा, साइबर धोखाधड़ी से बचाव, नशामुक्ति, तंबाकू निषेध, खाद्य सुरक्षा, गैर-संचारी रोग, व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल एवं यौन शोषण की रोकथाम, एनीमिया, टीबी उन्मूलन, वृक्षारोपण, सीपीआर, कुपोषण, सार्वजनिक पुस्तकालयों के उपयोग, सरकारी शैक्षणिक संस्थानों, रोजगार एवं आजीविका तथा कौशल विकास सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों एवं समाज को जागरूक किया जा रहा है।

समारोह में परख ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 315 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि आगामी चरण में ओलंपियाड परीक्षा के शीर्ष 500 विद्यार्थियों के लिए विषयवार परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिससे उनकी शैक्षणिक क्षमता का बेहतर मूल्यांकन और मार्गदर्शन किया जा सके।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस, गोपनीय उपसमाहर्ता, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Related Post