गोड्डा। जिला प्रशासन ने उपायुक्त लोकेश मिश्रा के नाम और प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने के मामले में आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि उपायुक्त के नाम से नकली फेसबुक अकाउंट बनाकर विभिन्न प्रकार की पोस्ट की जा रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह साइबर फ्रॉड का मामला है और लोगों को ऐसे फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से सावधान रहने की आवश्यकता है।
प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी फर्जी फेसबुक आईडी, अन्य अनधिकृत सोशल मीडिया अकाउंट या किसी अज्ञात फोन नंबर से पैसे की मांग की जाती है या किसी प्रकार का लालच देकर संपर्क किया जाता है, तो उस पर विश्वास न करें। ऐसे फर्जी अकाउंट को तुरंत ब्लॉक करें और यदि उससे कोई संदिग्ध संदेश या लिंक प्राप्त होता है तो उसे बिल्कुल भी न खोलें।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की निजी जानकारी का दुरुपयोग हुआ हो या साइबर ठगी के कारण आर्थिक नुकसान पहुंचा हो, तो इसकी शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल अथवा निकटतम पुलिस थाना में तत्काल दर्ज कराएं। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने का आग्रह किया है।

