जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा हस्तकरघा एवं कुटीर उद्योग से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से 17 एवं 18 अगस्त, 2026 को बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में “मानसून ट्रेड फेयर-2026” का आयोजन किया जाएगा।
चैंबर की ओर से आयोजित होने वाला यह ट्रेड फेयर हर वर्ष दो बार आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें।
इस वर्ष आयोजित मेले में शहर और आसपास की महिला उद्यमी राखियां, कुर्तियां, साड़ियां, फैशन ज्वेलरी, चादरें, हस्तनिर्मित मोमबत्तियां, होम डेकोर आइटम, हस्तशिल्प उत्पाद, गिफ्ट आइटम तथा दैनिक उपयोग की कई आकर्षक वस्तुओं का प्रदर्शन और बिक्री करेंगी। इसके अलावा कई नवाचार आधारित उत्पाद भी मेले का आकर्षण होंगे।
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि चैंबर का उद्देश्य केवल व्यापार को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता विकसित अर्थव्यवस्था की आधारशिला है और चैंबर लगातार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे मंच उपलब्ध करा रहा है।
उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि यह ट्रेड फेयर महिला उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर है। इससे स्थानीय हस्तकरघा, हस्तशिल्प और कुटीर उद्योग को नई पहचान मिलेगी तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
महासचिव पुनीत कांवटिया ने बताया कि यह ट्रेड फेयर वर्षों से महिला उद्यमियों के लिए एक भरोसेमंद मंच बना हुआ है। यहां उन्हें अपने उत्पादों के विपणन के साथ-साथ ग्राहकों से सीधे जुड़ने और नए व्यावसायिक अवसर प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी एवं संयोजक सुमन नागेलिया ने बताया कि ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर स्टॉल बुकिंग जारी है। उन्होंने महिला उद्यमियों से समय रहते स्टॉल बुक कराने तथा शहरवासियों से 17 और 18 अगस्त को चैंबर भवन पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की।

