जमशेदपुर। आगामी युवा आजसू सम्मेलन को लेकर रविवार को शहर के निर्मल गेस्ट हाउस में आजसू पार्टी की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसके सफल आयोजन के लिए व्यापक रणनीति बनाई गई। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी में एक जंबो तैयारी समिति का गठन किया गया, जिसे अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की। उन्होंने कहा कि युवा सम्मेलन संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जिसके माध्यम से युवाओं को संगठित कर झारखंड के जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और सम्मेलन को सफल बनाने में पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।
पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने कहा कि सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी युवा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाना होगा। उन्होंने प्रखंड स्तर पर युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करने और पूरे कोल्हान प्रमंडल में पांच हजार युवा नेतृत्व तैयार करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि मजबूत युवा संगठन ही भविष्य के जनआंदोलनों की सबसे बड़ी ताकत साबित होगा।
केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने कहा कि यह सम्मेलन युवाओं में संगठन के प्रति नई ऊर्जा और विश्वास पैदा करेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समर्पण और निष्ठा के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सम्मेलन के पूर्व पूरे शहर में प्रचार-प्रसार किया जाएगा और आकर्षक सजावट के माध्यम से माहौल बनाया जाएगा। युवा कार्यकर्ता घर-घर और क्षेत्रवार जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को सम्मेलन से जोड़ेंगे। पार्टी का उद्देश्य सम्मेलन के जरिए संगठन का विस्तार करना और युवाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ जनआंदोलन को नई दिशा देना है।
बैठक के अंत में पार्टी नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, सागेन हांसदा, वन बिहारी महतो, केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह, डोमेन टुडू, संजय सिंह, अप्पू तिवारी, चंद्रेश्वर पांडेय, ललन झा, विमल मौर्या, धीरज यादव, मनोज महतो, अवनीश सिंह, गौतम सामंता, विकास महतो, मंटू शुक्ला, परवीन प्रसाद, ललित सिंह, सौरभ राहुल सिंह, निरंजन महतो, आकाश सिन्हा, राजेश चौधरी, चंदन सिंह, हैरी एंथोनी, देवाशीष चौधरी, शेखर सहिस समेत बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

