Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा घोटाले के विरोध में भाजयुमो का मशाल जुलूस

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो), पश्चिमी सिंहभूम की ओर से शुक्रवार को जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा घोटाले और पेपर लीक के विरोध में मशाल जुलूस निकाला गया। यह कार्यक्रम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश एवं भाजयुमो के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित किया गया।

मशाल जुलूस पोस्ट ऑफिस चौक से शुरू होकर जैन मार्केट और काली मंदिर मार्ग होते हुए पुनः पोस्ट ऑफिस चौक पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

भाजयुमो के जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन तिउ ने कहा कि रांची के बापू वाटिका में पूरे झारखंड के लाखों छात्र-छात्राएं कई दिनों से अपने भविष्य की सुरक्षा, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं, विशेषकर गरीब, ग्रामीण और आदिवासी छात्रों का भविष्य सरकार की लापरवाही के कारण प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। भाजयुमो ने मांग की कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाए। साथ ही सरकार आंदोलनरत छात्रों से संवाद स्थापित कर उनकी मांगों का समाधान करे।

भाजयुमो ने घोषणा की कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार 1 अगस्त 2026 को पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन ने सभी युवाओं से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से इस अभियान में शामिल होने की अपील की।

भाजयुमो ने कहा कि यदि राज्य सरकार छात्रों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और व्यापक रूप दिया जाएगा।

मशाल जुलूस में पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, भूषण पाट पिंगुवा, रमेश खिरवाल, सतीश पुरी, पवन शर्मा, रूपा सिंह दास, हेमंत केसरी, राकेश शर्मा बबलू, मुकेश कुमार लल्लू, विप्लव सिंह, प्रताप कटियार महतो, जगदीश निषाद, अक्षय खत्री, अमित सिंह, अंगद साव, अजय देवगम, डोली कर, संजय आखाड़ा, विष्णु मिंज, सुशील कुमार, मनोज आजाद, अभिषेक जायसवाल, पंकज सिंह, दुर्योधन पान और दीपक पोद्दार सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post