Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

चाईबासा: टाटा बाईपास चौक पर प्रस्तावित दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना के मुद्दे पर सर्वसम्मति से निर्णय लेने की मांग को लेकर 1 से 4 अगस्त तक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को हरिगुटू स्थित आदिवासी हो समाज महासभा के कला एवं संस्कृति भवन में आयोजित विभिन्न सामाजिक, पारंपरिक एवं जनसंगठनों की संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता आदिवासी हो समाज युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद बिरुवा ने की।

बैठक में टाटा बाईपास चौक पर प्रस्तावित प्रतिमा स्थापना के विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि टाटा बाईपास चौक चाईबासा का एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है और यहां प्रतिमा स्थापना जैसे विषय पर सभी पक्षों की राय लेकर सर्वसम्मति से निर्णय होना चाहिए। उनका कहना था कि इस मुद्दे पर स्थानीय सामाजिक संगठनों और आम लोगों की अलग-अलग भावनाएं और सुझाव सामने आए हैं, इसलिए व्यापक विचार-विमर्श आवश्यक है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रशासन का ध्यान इस विषय की ओर आकर्षित करने के लिए 1 से 4 अगस्त तक टाटा बाईपास चौक पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक धरना दिया जाएगा। साथ ही 1 अगस्त की सुबह तांबो चौक से टाटा बाईपास स्थित प्रस्तावित प्रतिमा स्थल तक विभिन्न सामाजिक, पारंपरिक और जनसंगठनों के प्रतिनिधियों की ओर से पदयात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों ने कहा कि पूरा कार्यक्रम संविधान और कानून के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से आयोजित किया जाएगा।

बैठक में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि धरना के दौरान प्रशासन से मांग की जाएगी कि टाटा बाईपास चौक पर कोल्हान के जननायक एवं वीर शहीद पोटो हो की प्रतिमा स्थापित कर चौक का नामकरण उनके नाम पर किया जाए।

इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), चाईबासा को आवेदन सौंपकर धरना और पदयात्रा की अनुमति, आवश्यक प्रशासनिक सहयोग तथा सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। साथ ही प्रशासन से सभी संबंधित पक्षों के साथ सर्वपक्षीय बैठक कर ऐसा निर्णय लेने की मांग की गई है, जिससे सामाजिक सौहार्द बना रहे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पदयात्रा आदिवासी हो समाज युवा महासभा के बैनर तले तथा हो समाज के विभिन्न सामाजिक, पारंपरिक एवं जनसंगठनों की संयुक्त भागीदारी में आयोजित होगी। अंत में सभी नागरिकों से शांति, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई।

बैठक में महासचिव गब्बर सिंह हेंब्रम, शेरसिंह बिरुवा, ऑयबन हेंब्रम, सुरेन्द्र पूर्ति, सत्यव्रत बिरुवा, रियांश समाड, महेंद्र जमुदा, रमेश बालमुचू, मुरारी अल्डा, सुरेश सोय, सुशील कुमार पूर्ति, रबिंद्र अल्डा, महती पूर्ति, कुसुम केराई, राजेंद्र प्रकाश जोंकों, हरीश चंद्र कुंकल, मंगल सिंह कालुंडिया सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Post