Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

उत्पाद विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 58 दारोगा, ASI व लिपिकों का तबादला

रांची: झारखंड सरकार के उत्पाद विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का तबादला किया है। उत्पाद विभाग मुख्यालय, रांची द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्यभर में 58 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें 34 उत्पाद सब-इंस्पेक्टर (दारोगा), 3 सहायक अवर निरीक्षक (ASI) तथा 21 लिपिक (क्लर्क) शामिल हैं।

यह प्रशासनिक फेरबदल बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, लोहरदगा, हजारीबाग, देवघर, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), गोड्डा, सिमडेगा सहित कई जिलों को प्रभावित करेगा।

जारी आदेश के तहत महेश कुमार दास को बोकारो से गिरिडीह, सन्नी विवेक तिर्की को बोकारो से लोहरदगा, कुलदीप कुमार को धनबाद से हजारीबाग तथा जाय हेम्ब्रम को धनबाद से बोकारो स्थानांतरित किया गया है। वहीं मंजूर आलम अंसारी को लोहरदगा से बोकारो में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लिपिक संवर्ग में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। कौशल कुमार सिंह को बोकारो से जमशेदपुर, तापस कुमार दास को रामगढ़, दिलीप कुमार राम को गिरिडीह से सिमडेगा, नुनू राम दास को जामताड़ा से गोड्डा तथा राहुल कुमार पांडेय को धनबाद से देवघर भेजा गया है।

इससे एक दिन पूर्व ही विभाग ने बोकारो के सहायक आयुक्त उत्पाद के पद पर अरविंद कुजूर की नियुक्ति की थी। वे पहले रामगढ़ में पदस्थापित थे और अब दूसरी बार बोकारो में अपनी सेवाएं देंगे।

उत्पाद विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए पदस्थापन स्थल पर अविलंब योगदान देने का निर्देश दिया है। विभाग का मानना है कि इस व्यापक फेरबदल से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, जिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी बनेगी।

Related Post