Breaking
Wed. Jul 29th, 2026

गुवा में निकली साई बाबा की भव्य पालकी यात्रा, भक्ति गीतों से गूंजा पूरा नगर

गुवा: गुवा के कैलाश नगर से बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ साई बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महिलाओं ने साईं बाबा की पालकी को अपने माथे पर उठाकर पूरे नगर का भ्रमण कराया। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भजन-कीर्तन, जयकारे और नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।

पालकी यात्रा कैलाश नगर से शुरू होकर रेलवे कॉलोनी, योग नगर, बिरसा नगर, कल्याण नगर, कच्ची धौड़ा, विवेक नगर, रेलवे मार्केट, रामनगर और गुवा बाजार होते हुए पुनः कैलाश नगर पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने साईं बाबा की पालकी का स्वागत किया और श्रद्धालुओं के साथ भक्ति में शामिल हुए।

यात्रा के दौरान साईं बाबा के भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्त पूरे रास्ते “साईं राम” के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रही। उन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पालकी यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पालकी यात्रा के समापन के बाद विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच साईं बाबा के प्रसाद के रूप में खीर का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर साईं बाबा का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर राजाराम बेहरा, विवेक बेहरा, त्रिनाथ पुथाल, मोनालिसा पुथाल, सुंदर राउत, सोउते राउत, पुष्पा बेहरा, सुनीता पुथाल और दीपा तुषार सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने साईं बाबा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और अनुशासन का वातावरण बना रहा। पालकी यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। स्थानीय लोगों ने इस धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और धार्मिक सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। श्रद्धालुओं ने अंत में साईं बाबा के जयकारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

Related Post