चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को चाईबासा कैफेटेरिया में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘समरसता संकल्प अभियान’ को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि संत रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समानता, मानवता, सेवा और भेदभावमुक्त समाज की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक अभियान चलाएगी।
संजय पांडेय ने बताया कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक देशभर में राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से संत रविदास महाराज के विचारों, उनके सामाजिक योगदान तथा समतामूलक समाज की अवधारणा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सामाजिक समरसता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम, संवाद, सेवा कार्य और जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के बीच समानता, सम्मान, भाईचारा और सद्भाव की भावना को और मजबूत करना है।
प्रेस वार्ता में प्रदेश कार्य समिति सदस्य सतीश पुरी, पूर्व नगर परिषद प्रत्याशी रमेश खिरवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष चंद्र मोहन तिउ, जिला उपाध्यक्ष पवन शर्मा, जिला मंत्री रूपा सिंह दास, मुकेश कुमार, लल्लू अनंत सयनम सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

