Breaking
Wed. Jul 29th, 2026

मोमिन कॉन्फ्रेंस ने बसंती गोप की आठवीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, पीएलवी सम्मानित और जरूरतमंदों के बीच सामग्री वितरित

चाईबासा: मोमिन कॉन्फ्रेंस, चाईबासा की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पैरा लीगल वॉलंटियर (पीएलवी) का सम्मान प्राप्त करने वाली स्वर्गीय बसंती गोप की आठवीं पुण्यतिथि मंगलवार को श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना के साथ की गई।

कार्यक्रम का प्रायोजन एम.एस. स्टोर, बासाटोंटो की संचालक शमीमा खानम ने किया। इस अवसर पर सदर अस्पताल स्थित कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) में इलाजरत बच्चों की माताओं के बीच वस्त्र एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही डालसा से जुड़े नौ पैरा लीगल वॉलंटियर (पीएलवी) को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमटीसी प्रभारी डॉ. जगन्नाथ हेंब्रम, बार के सचिव सह अधिवक्ता फादर अगस्तीन कुल्लू तथा समाजसेवी सह अधिवक्ता राजा राम गुप्ता ने संयुक्त रूप से बसंती गोप के जीवन, समाजसेवा और न्यायिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

मोमिन कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष मोअज्जम बिहारी ने कहा कि समाजसेवा और पैरा लीगल वॉलंटियर के रूप में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बसंती गोप को 9 नवंबर 2017 को राष्ट्रीय स्तर का नेशनल बेस्ट पीएलवी अवार्ड प्रदान किया गया था। उन्होंने बताया कि बसंती गोप का जन्म 22 अक्टूबर 1970 को एक साधारण परिवार में हुआ था। उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। 28 जुलाई 2018 को उनका निधन हो गया, लेकिन उनके कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणा हैं।

उन्होंने कहा कि बसंती गोप की बेटी सुमन गोप भी उनकी राह पर चलते हुए समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह डालसा में पीएलवी के रूप में कार्य करते हुए गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा कर रही हैं।

इस अवसर पर पीएलवी सुमन गोप, रेणु देवी, असिमा चटर्जी, प्रमिला पात्रों, स्वेतारवानी, सोमा बोस, नीतू, सुजाता गोप और अलकमा रूही को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एमटीसी की सीनियर एएनएम बिन्दु, रायमुनी टूटी, ज्योत्सना सिंह बेसरा, मो. राजा, मोनिका सुमबुरूई, मो. फिरोज, मो. फैज अहमद, मो. सोएब, मो. आरिफ, मो. बाबू सहित मोमिन कॉन्फ्रेंस के पदाधिकारी, सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Post