कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची–पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी के मेघातरी के समीप सोमवार देर रात एक बस और ट्रक समेत चार वाहनों की टक्कर के बाद घंटों जाम लग गया। हादसे के कारण लंबी दूरी के यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिहार के सिवान से कोडरमा होते हुए टाटा जा रही शिव शक्ति नामक बस मेघातरी के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे एक ट्रक के किनारे से टकरा गई। बस को बचाने के प्रयास में ट्रक भी नियंत्रण खो बैठा और आगे खड़े दो अन्य ट्रकों से जा भिड़ा। इस प्रकार कुल चार वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में सभी वाहन सवारों को केवल मामूली चोटें आईं और कोई जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना के बाद चारों वाहन सड़क पर ही फंस गए, जिससे कोडरमा घाटी में कई घंटों तक लंबा जाम लगा रहा। इस दौरान विशेष रूप से यात्री वाहनों और लंबी दूरी की यात्रा कर रहे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया और यातायात को सुचारु रूप से बहाल कराया। इसके बाद रांची–पटना मुख्य मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।

