Breaking
Tue. Jul 28th, 2026

पश्चिमी सिंहभूम के पांच गांवों में निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर, 135 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 135 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें निःशुल्क आयुष दवाइयों का वितरण किया गया।

शिविर के दौरान बुखार, सर्दी-खांसी, शरीर दर्द, त्वचा रोग, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं सहित अन्य बीमारियों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इसके अलावा लाभार्थियों का रक्तचाप, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और मलेरिया की भी निःशुल्क जांच की गई।

स्वास्थ्य शिविर में लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताते हुए घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने, जल जमाव नहीं होने देने, मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने तथा पूर्ण आस्तीन के कपड़े पहनने की सलाह दी गई। साथ ही तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने का संदेश भी दिया गया।

शिविर के अंतर्गत योग सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, संतुलित आहार अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या होने पर गांव की सहिया से संपर्क करने तथा निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में समय पर जांच और उपचार कराने की सलाह भी दी गई।

शिविर में डॉ. यशवंती कुमारी, डॉ. अनिरुद्ध गोपेश्वर, डॉ. आशिक अंसारी, डॉ. प्रदीप गुड़िया और डॉ. अनीश कुमार ने अपनी सेवाएं दीं।

निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हाटगम्हरिया प्रखंड के कालीमाटी, बंदगांव प्रखंड के चाकी, सदर प्रखंड के दलियामारचा, मंझारी प्रखंड के दोड़पोसी तथा तांतनगर प्रखंड के कासेया गांव में किया गया।

Related Post