जमशेदपुर: मानगो नगर निगम की कार्यशैली और क्षेत्र में विकास कार्यों में कथित बाधा के विरोध में सोमवार, 27 जुलाई को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के नेतृत्व में गांधी मैदान में विशाल धरना आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से मानगो नगर निगम कार्यालय के समक्ष शुरू होगा। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।
धरना के आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से मानगो के विभिन्न इलाकों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टीमों ने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और उन्हें धरना में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर भी नागरिकों को कार्यक्रम की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में गांधी मैदान पहुंचने की अपील की गई।
आयोजन समिति का दावा है कि इस धरना में मानगो के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे और सभी वर्गों तथा समाज के लोगों की भागीदारी रहेगी। आयोजकों का कहना है कि यह आंदोलन क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता की आवाज बुलंद करने का प्रयास है।
बारिश की संभावना को देखते हुए धरना स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल लगाया गया है। इसके अलावा लोगों के बैठने सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है, ताकि कार्यक्रम में आने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजकों के अनुसार, धरना का मुख्य उद्देश्य मानगो नगर निगम की कथित मनमानी, क्षेत्र में लंबित विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने मानगो के नागरिकों से सोमवार सुबह 10 बजे गांधी मैदान पहुंचकर आंदोलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

