चाईबासा: रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से पीएम श्री उत्क्रमित 10+2 पीएम श्री गवर्नमेंट बालिका उच्च विद्यालय, चाईबासा में छात्राओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और संभावित बीमारियों की समय रहते पहचान करना था।
रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष अमित पोद्दार ने बताया कि क्लब प्रत्येक माह शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन गुरमुख सिंह खोखर ने बताया कि शिविर में कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं का एनीमिया (हीमोग्लोबिन), ब्लड ग्रुप, दंत एवं नेत्र परीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस तरह के शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर में सदर अस्पताल, चाईबासा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने हीमोग्लोबिन और ब्लड ग्रुप की जांच की। वहीं डॉ. वीणा मुंधड़ा, डॉ. राशि मुंधड़ा और डॉ. आकांक्षा शर्मा ने छात्राओं का दंत परीक्षण कर उन्हें दांतों की साफ-सफाई और देखभाल के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर मुंधड़ा हॉस्पिटल का सहयोग भी मिला। इसके अलावा संजीव नेत्रालय, चाईबासा के चिकित्सकों ने छात्राओं की नेत्र जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर के दौरान कुल 108 छात्राओं का हीमोग्लोबिन एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण, 101 छात्राओं का नेत्र परीक्षण तथा 95 छात्राओं का दंत परीक्षण किया गया।
इस स्वास्थ्य जांच शिविर की प्रायोजक हीना ठक्कर रहीं, जिन्होंने अपने स्वर्गीय एन. के. ठक्कर की पुण्य स्मृति में कार्यक्रम को प्रायोजित किया।
कार्यक्रम में अमित पोद्दार, सौरव प्रसाद, विनय लोधा, डॉ. वीणा मुंधड़ा, गुरमुख सिंह खोखर, हीना ठक्कर, कविता शर्मा, मदन लाल गुप्ता, महेश कुमार खत्री, प्रवीण पटेल, रमेश चंद्र दत्तानी, सुशील कुमार मुंधड़ा, अनिल शर्मा और सुशील चोमल सहित रोटरी क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय प्रबंधन, छात्राओं और अभिभावकों ने रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा के प्रति आभार व्यक्त किया।

