Breaking
Fri. Jul 24th, 2026

चाईबासा: झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने झारखंड आंदोलनकारी दिवंगत दामू बानरा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

चाईबासा पहुंचने के बाद सुदेश महतो सबसे पहले सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने आजसू की पश्चिमी सिंहभूम जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि संघर्ष झारखंड की पहचान रहा है और राज्य के समग्र विकास के लिए आजसू कार्यकर्ताओं को संघर्ष का चरित्र अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को गरीब, शोषित, वंचित और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए लगातार काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और उनके समाधान के लिए संघर्ष करेंगे।

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दिनों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वे पथ निर्माण मंत्री थे, तब हजारों युवाओं के साथ मोटरसाइकिल से कोल्हान के दूर-दराज के गांवों और जंगलों का लगातार दौरा करते थे। जगन्नाथपुर, चाईबासा, मनोहरपुर और चक्रधरपुर जैसे क्षेत्रों में लोगों के बीच जाकर संगठन को मजबूत किया गया, जिसका परिणाम आज देखने को मिल रहा है।

बैठक में सुदेश महतो ने आगामी राज्य स्तरीय युवा आजसू महासम्मेलन की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन 7 और 8 अगस्त को जमशेदपुर में आयोजित होगा। इसमें कोल्हान क्षेत्र के हर गांव, पंचायत, प्रखंड और विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता और युवा अपने-अपने निकटवर्ती रेलवे स्टेशनों से ट्रेन के माध्यम से जमशेदपुर पहुंचेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को संगठित करना तथा राज्य के गरीब, वंचित और बेसहारा लोगों की आवाज को मजबूती देना है।

बैठक के बाद सुदेश महतो दिवंगत झारखंड आंदोलनकारी दामू बानरा के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी धर्मपत्नी और अन्य परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

बैठक में पूर्व प्रत्याशी डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई, अमित महतो, सुजीत गिरी, अजय महतो सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post