चाईबासा: एसआर रुंगटा ग्रुप और जिला प्रशासन, पश्चिमी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर के दौरान वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन (वीबीडीए) पश्चिमी सिंहभूम ने उपायुक्त मनीष कुमार और रुंगटा माइंस लिमिटेड के चेयरमैन मुकुंद रुंगटा को स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘रक्तदान एंबेसडर’ के रूप में सम्मानित किया।
इस अवसर पर वीबीडीए की ओर से दोनों को ‘रक्तदान एंबेसडर’ की उपाधि प्रदान की गई और स्मृति स्वरूप विशेष लैपल पिन भेंट किया गया।
वीबीडीए के अनुसार, उपायुक्त मनीष कुमार के नेतृत्व और जिला प्रशासन के प्रयासों से पश्चिमी सिंहभूम में स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर व्यापक जागरूकता बढ़ी है। इसके परिणामस्वरूप जिले में रक्त संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, मुकुंद रुंगटा ने भी सामाजिक सरोकारों और रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए लगातार सहयोग दिया है।
सम्मान समारोह के दौरान वीबीडीए पश्चिमी सिंहभूम के अध्यक्ष हर्ष सुल्तानिया, सचिव लालू कुजूर और वरिष्ठ सदस्य विकास डोडराजका ने उपायुक्त मनीष कुमार और मुकुंद रुंगटा को लैपल पिन पहनाकर सम्मानित किया।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन और उद्योग जगत से जुड़े लोगों के ‘रक्तदान एंबेसडर’ बनने से युवाओं और आम नागरिकों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ेगा। इससे जिले में रक्त की उपलब्धता बेहतर होगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सकेगा।

