Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

छात्रों पर लाठीचार्ज और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

चाईबासा। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और देशभर में सामने आए पेपर लीक मामलों को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त मनीष कुमार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद से करने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और छात्रों पर बल प्रयोग किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता।

जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। वर्षों की मेहनत के बावजूद परीक्षाएं विवादों में घिरने से अभ्यर्थियों में गहरा मानसिक तनाव पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं का मनोबल टूट रहा है और कई छात्र निराशा के कारण गंभीर मानसिक दबाव का सामना कर रहे हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजन बोयपाई ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रही अनियमितताओं से युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा छात्रों पर लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर दंडाधिकारी उपेंद्र कुमार तथा मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार मौजूद रहे।

इस अवसर पर जिला प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर, जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post