Breaking
Wed. Jul 22nd, 2026

उपायुक्त मनीष कुमार ने एफसीआई गोदाम पाताहातु का किया निरीक्षण, खाद्यान्न भंडारण व परिवहन व्यवस्था की समीक्षा

चाईबासा: उपायुक्त मनीष कुमार ने बुधवार को एफसीआई गोदाम, पाताहातु का निरीक्षण कर गोदाम के संचालन, खाद्यान्न भंडारण, रखरखाव एवं परिवहन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण, गुणवत्ता और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गोदाम में उपलब्ध गेहूं, चावल सहित अन्य खाद्यान्न के स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने अनाज के बोरों का निरीक्षण कर उनके सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से भंडारण की व्यवस्था का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने खाद्यान्न के परिवहन तंत्र की भी समीक्षा की। उन्होंने खाद्यान्न के आवागमन, लोडिंग-अनलोडिंग की प्रक्रिया और समयबद्ध आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही गोदाम परिसर में स्थापित धर्मकांटा (वेट ब्रिज) का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली, माप-तौल की शुद्धता एवं नियमित संचालन की जांच की।

मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के लिए खाद्यान्न का भंडारण और परिवहन पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभुकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध हो सके। उन्होंने गोदाम परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों के नियमित संधारण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

Related Post