चाईबासा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने बुधवार को 52-चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के अद्यतन, गणना प्रपत्रों के संकलन एवं सत्यापन, पात्र मतदाताओं के नामांकन तथा बूथ स्तर पर संचालित गतिविधियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं होना आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान को गंभीरता और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्राप्त गणना प्रपत्रों का समयबद्ध सत्यापन, एएसडीडी (ASDD) सूची को अंतिम रूप देकर उसका डिजिटाइजेशन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा विदेशी नागरिकों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं एवं दस्तावेजों का विधिवत परीक्षण कर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी बूथ लेवल ऑफिसरों, बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) तथा संबंधित अधिकारियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने और मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्यों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया।

