Breaking
Wed. Jul 22nd, 2026

छात्रों की समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस का संवाद कार्यक्रम, साकची में प्रधानमंत्री का पुतला दहन

जमशेदपुर। अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के देशव्यापी “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी की ओर से बिष्टुपुर स्थित को-ऑपरेटिव कॉलेज के आदिवासी हॉस्टल परिसर में छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा में अवसर और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर छात्रों ने खुलकर अपनी राय रखी। कार्यक्रम के समापन के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर पहुंचकर केंद्र सरकार के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवनीत मिश्रा ने की। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, विशेषकर आदिवासी विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के घटते अवसर, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्रवृत्ति वितरण में आने वाली समस्याओं पर अपने अनुभव साझा किए।

राजेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस लगातार छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री से मिलने का प्रयास किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस उनके मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर छात्रों और युवाओं की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा और रोजगार के सवालों पर सरकार को जवाब देना होगा।

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवनीत मिश्रा ने कहा कि “छात्रों की गूंज” अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों की वास्तविक समस्याओं को सीधे सुनकर उन्हें राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाना है, ताकि छात्र हित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि छात्रों के सुझावों को संकलित कर अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर भेजा जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने अधिक से अधिक युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने और शिक्षा व रोजगार से जुड़े मुद्दों पर जागरूक रहने की अपील भी की।

Related Post