Breaking
Wed. Jul 22nd, 2026

छोटानागरा मंडल पहुंचीं गीता कोड़ा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग

चाईबासा: झारखंड भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा मंडल क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।

बारिश के बीच छाते के नीचे ग्रामीणों को संबोधित करते हुए गीता कोड़ा ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की जानकारी दी और लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए, ताकि सभी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

उन्होंने लगातार हो रही बारिश के मौसम को देखते हुए ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस मौसम में विभिन्न संक्रामक बीमारियों के फैलने की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को सांप और बिच्छू जैसे जहरीले जीवों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया और किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने की अपील की।

गीता कोड़ा ने प्रशासन और राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं तथा डॉक्टरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होना जरूरी है। इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की भी मांग की, ताकि दूषित पानी से होने वाली बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सके।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

Related Post