धनबाद: जिले के सोनारडीह रेलवे हाल्ट के समीप सोमवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया। मधुबन थाना पुलिस की वाहन जांच से बचने के प्रयास में एक लाल रंग की स्कॉर्पियो (JH10AA/2654) अनियंत्रित होकर कतरास-चंद्रपुरा रेलखंड के रेलवे ट्रैक पर जा गिरी और पटरियों के बीच फंस गई। समय रहते गेटमैन की सतर्कता से ट्रेन को रोक दिया गया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच मधुबन थाना पुलिस नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बोकारो की ओर से आ रही लाल रंग की स्कॉर्पियो को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागना शुरू कर दिया। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने उसका पीछा किया।
भागते हुए स्कॉर्पियो चालक सोनारडीह रेलवे फाटक के पास पहुंचा, जहां फाटक बंद मिला। रास्ता बंद देखकर चालक ने वाहन को सोनारडीह रेलवे हाल्ट की ओर मोड़ दिया। तेज गति के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार सभी लोग अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना की तेज आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात ट्रैकमैन मौके पर पहुंचा और तत्काल गेटमैन को इसकी सूचना दी। उसी ट्रैक पर कतरास की ओर से एक ट्रेन आने वाली थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गेटमैन ने तुरंत संबंधित लाइन का सिग्नल लाल कर दिया। सिग्नल मिलते ही ट्रेन को समय रहते रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया। इसके बाद रेलवे के अधिकारियों और रेल पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे ट्रैक पर फंसी स्कॉर्पियो को हटाने के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को पटरियों से हटाया गया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका।
रेल पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक और उसमें सवार लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चालक पुलिस जांच से बचकर क्यों भाग रहा था और वाहन में किसी प्रकार का अवैध सामान तो नहीं ले जाया जा रहा था।

