Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में जारी, डीसी-एसपी ने किया निरीक्षण

चाईबासा: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 पश्चिमी सिंहभूम जिले में रविवार को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में जारी रही। परीक्षा के निष्पक्ष संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा।

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने पीएम श्री प्लस टू राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, चाईबासा तथा सेंट जेवियर्स उच्च विद्यालय, चाईबासा पहुंचकर परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, बायोमैट्रिक उपस्थिति, सुरक्षा जांच, परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, अनुशासन और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही केंद्र अधीक्षकों और प्रतिनियुक्त स्टेटिक दंडाधिकारियों से परीक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं का निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को परीक्षा समाप्ति तक पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों को लगातार सतर्क रहने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की सुरक्षा और पवित्रता बनाए रखने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जिला प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन की सतत निगरानी के बीच जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो रही है।

Related Post