गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा-209 बटालियन ने नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के स्पेशल एरिया कमेटी (एसएसी) के शीर्ष कमांडर अजय महतो उर्फ मोछू उर्फ टाइगर को गिरफ्तार कर लिया है। 25 लाख रुपये के इनामी इस कुख्यात माओवादी की गिरफ्तारी संयुक्त अभियान के दौरान खुखरा थाना क्षेत्र के जंगलों से की गई। पुलिस के अनुसार अजय महतो लंबे समय से झारखंड में नक्सली गतिविधियों का संचालन कर रहा था और उसके खिलाफ हत्या, आईईडी विस्फोट, सुरक्षाबलों पर हमले तथा सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने सहित 240 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि 17 जुलाई को हरलाडीह ओपी क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर गिरिडीह पुलिस और कोबरा-209 बटालियन की संयुक्त टीम का गठन कर विशेष अभियान चलाया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर ग्राम पिपराडीह के खवासटांड़ टोला स्थित घने जंगल की घेराबंदी की गई, जहां से अजय महतो को दबोच लिया गया।
एसपी ने बताया कि अजय महतो वर्ष 2005 से प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था। संगठन में उसे लेवी वसूली, हथियार और विस्फोटकों की व्यवस्था करने तथा बड़े नक्सली हमलों की योजना बनाने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। वह पारसनाथ, सारंडा और लुगू पहाड़ समेत कई संवेदनशील इलाकों में सक्रिय रह चुका है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार माओवादी पर पुलिस मुखबिर होने के संदेह में कई लोगों की हत्या, सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमले, आईईडी विस्फोट और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर वारदातों के आरोप हैं। पुलिस इसे नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी उपलब्धि मान रही है और मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है।

