Breaking
Thu. Jul 16th, 2026

टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय पहुंचे सी. एच. आर. ओ. डी. पी. नांबियार, हुआ अभिनंदन

जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (सी.एच.आर.ओ.) श्री डी. पी. नांबियार (D. P. Nambiar, Chief Human Resource Officer) का टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के सभागार में स्वागत किया गया। इस दौरान एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय, डीजीएम सुतिर्था दत्ता भी मौजूद थे।

यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से सी.एच.आर.ओ. श्री डी. पी. नांबियार, एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय तथा सुतिर्था दत्ता को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह व पौधा भेंटकर स्वागत किया गया।

स्वागत भाषण महामंत्री आरके सिंह ने दिया। उन्होंने कहा कि हमारे नए सी.एच.आर.ओ. आर्मी और आईटी सेक्टर में सेवा दे चुके हैं, जिसका लाभ यूनियन एवं टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट दोनों को मिलेगा।

सी.एच.आर.ओ. श्री डी. पी. नांबियार ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें टाटा ग्रुप से जुड़े हुए 31 वर्ष हो गए हैं। उनका मानना है कि मनुष्य चाहे जिस भी क्षेत्र में हो, यदि उसे सही अवसर और अनुकूल वातावरण मिले तो वह अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। उन्होंने यूनियन की गतिविधियों की सराहना करते हुए प्रबंधन और यूनियन के बीच बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ने पर बल दिया। साथ ही टाटा के कार्य संस्कृति (कल्चर) की प्रशंसा करते हुए इसे बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एचआर हेड प्रणव कुमार ने कहा कि यहां की यूनियन समाज के प्रति भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती है। हम सभी अपने पद (डेजिग्नेशन) से पहले संगठन को प्राथमिकता देकर कार्य करते हैं। यही कारण है कि बेहतर तालमेल के साथ सभी आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूनियन का प्रत्येक सदस्य अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करता है।

ईआर हेड सौमिक रॉय ने कहा कि यूनियन प्रबंधन की सकारात्मक बातों को प्रत्येक मजदूर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। सीएसआर और सेवा कार्यों में यूनियन की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने आरके सिंह के नेतृत्व की भी प्रशंसा की।

इस दौरान स्लाइड शो के माध्यम से सी.एच.आर.ओ. सहित सभी अतिथियों को यूनियन की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में यूनियन के सभी पदाधिकारी एवं कमेटी सदस्य उपस्थित रहे।

यूनियन परिसर स्थित जेएन टाटा की प्रतिमा पर श्री डी. पी. नांबियार ने पुष्पगुच्छ अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

स्वागत कार्यक्रम का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया।

Related Post