Breaking
Thu. Jul 16th, 2026

नानकशाही संवत के अनुसार सावन माह शुरू, गुरुद्वारा नानक दरबार में हुआ विशेष दीवान

चाईबासा: नानकशाही संवत के अनुसार गुरुवार से सावन माह का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर चाईबासा स्थित गुरुद्वारा नानक दरबार में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत गुरुद्वारा के ग्रंथी हरभजन सिंह द्वारा बारह माह के पाठ से हुई। इसके बाद उन्होंने साज के साथ मधुर स्वर में गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया, जिससे पूरा गुरुद्वारा भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

इस दौरान ग्रंथी हरभजन सिंह ने सावन माह से संबंधित गुरबाणी का श्लोक भी संगत को सुनाया—

“सावन सरस कामनी, चरण कमल सिओ प्यार।
मन तन रता सच रंग, इको नाम अधार।”

उन्होंने संगत को गुरबाणी के संदेश पर चलने, प्रभु के नाम का स्मरण करने और मानव सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

धार्मिक कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं की सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए अरदास की गई। इसके बाद संगत के बीच प्रसाद वितरित किया गया तथा अल्पाहार का भी आयोजन किया गया।

सावन माह के प्रथम दिन आयोजित इस विशेष दीवान में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लेकर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

Related Post